झालावाड़, 2 जुलाई। संविदा एवं प्लेसमेंट नर्सिंग अधिकारी दीपक खारवाल की मृत्यु से आहत नर्सिंग कर्मचारियों ने बुधवार को राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति, जिला झालावाड़ के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राज्य सरकार से न्याय एवं लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। कैंडल मार्च एस.आर.जी. मेडिकल कॉलेज के मेडिकल अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार (गणेश चौक) से प्रारंभ होकर मामा-भांजा सर्किल तक निकाला गया। इस दौरान नियमित, संविदा एवं प्लेसमेंट नर्सिंग अधिकारी और कर्मचारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत दीपक खारवाल को श्रद्धांजलि दी तथा नर्सिंग कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और रोजगार की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्लेसमेंट नर्सिंग कर्मचारियों को अचानक एवं मनमाने तरीके से सेवा से हटाए जाने के कारण प्रदेशभर के नर्सिंग कार्मिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में गठित राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति प्रदेशव्यापी आंदोलन चला रही है। समिति ने सरकार से प्रस्तुत मांग-पत्र पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आंदोलन का सम्मानजनक समाधान करने की मांग की। कर्मचारियों ने मांग की कि दिवंगत दीपक खारवाल के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देकर परिवार को न्याय दिलाया जाए। साथ ही हटाए गए सभी प्लेसमेंट नर्सिंग कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से बहाल की जाएं। भविष्य में नियमित नर्सिंग अधिकारी भर्ती में कार्यरत संविदा एवं प्लेसमेंट नर्सिंग कर्मचारियों को पूर्व की भांति अनुभव बोनस का लाभ देने की भी मांग की गई। संघर्ष समिति ने यह भी मांग उठाई कि प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से नर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती व्यवस्था पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा भर्ती प्रक्रिया सीधे सरकार द्वारा नियमित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं प्रशासन की होगी। कैंडल मार्च में संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष मनोज मीणा, जिला संयोजक ललित गुर्जर, एस.आर.जी. मेडिकल कॉलेज अध्यक्ष लोकेश मीणा, कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, संविदा नर्सेज जिला अध्यक्ष मनीष शर्मा, कोषाध्यक्ष बलराम सुमन सहित विजय राज शर्मा, अरविंद शर्मा, हरविंदर सिंह, पप्पू दांगी, शिवम् मेहरा, प्रदीप एरवाल, बालकिशन लोधा, नवल मीणा, रामकिशोर, कन्हैयालाल, रोहित कश्यप, अशोक नागर, प्रखर राठौर, लियाकत अली, रवि पाटीदार, विजय, चंद्रप्रकाश गुर्जर, सीताराम कुमार, रोशन लोधा सहित बड़ी संख्या में एस.आर.जी. एवं जनाना अस्पताल के नियमित, संविदा, प्लेसमेंट एवं राजकीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में नर्सिंग कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा, न्याय एवं रोजगार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
SOHAN LAL KOLI